
कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के पास खेल रहे ढाई साल के मासूम की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए सामग्री लाने वाला ट्रैक्टर मौके पर खड़ा था। इसी दौरान 5 साल का बच्चा खेल-खेल में ट्रैक्टर की स्टेरिंग पर बैठ गया। उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसका छोटा भाई ट्रैक्टर के नीचे मौजूद है। स्टेरिंग घुमाने से ट्रैक्टर आगे बढ़ा और मासूम उसकी चपेट में आ गया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तत्काल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है। यह हादसा बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी सीख देता है कि निर्माण स्थलों और भारी वाहनों के आसपास बच्चों पर लगातार निगरानी रखना बेहद जरूरी है।




