‘ऐल्फा’ की OTT रिलीज डेट का एलान, जानें कब-कहां देखें भारत की पहली फीमेल-लेड स्पाई एक्शन फिल्म

आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर स्टारर स्पाई एक्शन फिल्म ‘ऐल्फा’ अब OTT पर दस्तक देने के लिए तैयार है। सिनेमाघरों में रिलीज के बाद मेकर्स ने इसकी स्ट्रीमिंग डेट का ऐलान कर दिया है। फिल्म को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है।
यशराज स्पाई यूनिवर्स की चर्चित फिल्म ‘ऐल्फा’ 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ ने जबरदस्त एक्शन और स्टंट करते हुए स्पाई एजेंट के किरदार निभाए हैं। वहीं बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
अब 27 अगस्त को मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी OTT रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।
28 अगस्त को Netflix पर होगी स्ट्रीम
अगर आप ‘ऐल्फा’ को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए हैं, तो अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। फिल्म 28 अगस्त 2026 से Netflix पर स्ट्रीम होगी।
Netflix ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का पोस्टर शेयर कर इसकी स्ट्रीमिंग डेट की जानकारी दी है। पोस्टर में आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर के दमदार एक्शन अवतार देखने को मिल रहे हैं।
भारत की पहली फीमेल-लेड स्पाई एक्शन फिल्म
‘ऐल्फा’ को यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लेड स्पाई एक्शन फिल्म बताया गया है। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है।
फिल्म में आलिया भट्ट सीता के किरदार में हैं, जो एक कुशल RAW एजेंट हैं। उन्हें ‘ऐल्फा’ सैनिक बनने के लिए कड़ी ट्रेनिंग से गुजरना पड़ता है। वहीं शरवरी वाघ दुर्गा कौल की भूमिका में हैं, जो सीता की बहन हैं।
अनिल कपूर ने कर्नल विक्रांत कौल और बॉबी देओल ने कर्नल फतेह सिंह लखावत का किरदार निभाया है। फिल्म में फतेह सिंह, सीता को एक खास मिशन के लिए तैयार करते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा प्रदर्शन?
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘ऐल्फा’ का भारत में नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 57 से 60 करोड़ रुपये रहा। फिल्म ने पहले दिन लगभग 9.12 से 9.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि ओपनिंग वीकेंड में करीब 34 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया।
फिल्म का ग्लोबल बॉक्स ऑफिस नेट कलेक्शन करीब 70.1 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 98.62 करोड़ रुपये बताया गया है।
फिल्म का अनुमानित बजट करीब 100 से 130 करोड़ रुपये बताया गया है। अब सिनेमाघरों के बाद ‘ऐल्फा’ को OTT पर दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है, यह देखना दिलचस्प होगा।




