पावरबैंक नहीं, अब बैग में रखें पोर्टेबल पवन चक्की, हवा के हल्के झोंकों से बनाएगी बिजली, जानें क्षमता और कीमत

आपने अभी तक पोर्टेबल पावरबैंक के बारे में सुना होगा जिससे आप अपने फोन-टैबलेट या लैपटॉप जैसे डिवाइस भी चार्ज कर सकते हैं लेकिन कैसा हो कि आप अपनी खुद की पोर्टेबल पवन चक्की भी साथ लेकर चल सकें, जो कि कहीं भी आपको हवा की मदद से बिजली बनाकर दे सके। दरअसल कोलोराडो स्थित स्टार्टअप डीआईवाई इलेक्ट्रॉनिक्स ने ऐसा ही अनोखा पोर्टेबल विंड टर्बाइन यानी कि पवन चक्की बनाई है। इसका नाम Ventyra R1 है।
क्या है Ventyra R1 पोर्टेबल विंड टर्बाइन?

Ventyra R1 एक पोर्टेबल पवन चक्की है, जिसे कि उन इलाकों के लिए बनाया गया है, जहां बिजली की समस्या रहती है। इसके अलावा आउटडोर एडवेंचर के शौकीन या कैंपिंग करने वाले लोग भी इसका फायदा उठा सकते है।
आमतौर पर पोर्टेबल विंड टर्बाइन काफी भारी होते हैं लेकिन Ventyra R1 की खूबी है कि यह सिर्फ 1 किलो का ही है और इसे काफी आसानी से साथ लेकर चला जा सकता है।
इसके अलावा इस तरह की पोर्टेबल पवन चक्कियां ज्यादा बिजली भी नहीं बना पाती लेकिन Ventyra R1 लगातार 50W तक की आउटपुट पावर पैदा कर सकता है।
हल्के झोंकों से बिजली बनाने में सक्षम

- Ventyra R1 को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इसे बिजली बनाने के लिए तेज रफ्तार हवा नहीं चाहिए होती। यह हल्की हवा के झोंकों से भी बिजली बना सकता है।
- इसके अलावा इसमें एक टेल वेन दी गई है, जिसकी मदद से यह खुद को हवा की दिशा में अपने आप सेट कर लेता है। इसका मतलब है कि इसके साथ बार-बार हवा की दिशा चेक करने की जरूरत नहीं रहती।
- इस पवन चक्की के साथ एक फोल्डेबल ट्राइपॉड स्टैंड और 4 ग्राउंड स्टेक्स यानी कि खूंटे भी मिलते हैं, जिससे इसे टेंट की तरह जमीन में मजबूती से गाड़ा जा सकता है।
इससे एक बार इस पवन चक्की को एक जगह लगाकर बेफिक्र होकर बिजली बनाई जा सकती है।
कितनी बिजली बना सकती है पवन चक्की?

- इस पोर्टेबल पवन चक्की से बनने वाली बिजली को एक XT60 आउटपुट केबल के जरिए पावर हब में भेजा जाता है।
- यह डिवाइस 75W पीक लोड और 12V DC को सपोर्ट करता है। अगर हवा तेज हो, तो यह सिर्फ 35 मिनट में स्मार्टफोन को फुल चार्ज कर सकता है।
- इसके पावर हब से स्मार्टफोन, टैबलेट, पावर-बैंक, DLSR कैमरा, इमरजेंसी लाइट्स और यहीं तक कि लैपटॉप भी आसानी से चार्ज किया जा सकता है।
सोलर पैनल्स और मल्टीपल टर्बाइन का भी सपोर्ट

इस पोर्टेबल पवन चक्की के पावर हब में एक साथ कई Ventyra R1 को कनेक्ट किया जा सकता है, जिससे जाहिर तौर पर ज्यादा बिजली बनती है। इसके अलावा इसे बेहतर बैकअप के लिए सोलर पैनल के साथ भी पेयर किया जा सकता है। इससे यह दिन में धूप और रात में हवा से बिजली बनाना जारी रख सकता है।
कीमत और उपलब्धता

कंपनी इस पोर्टेबल विंड टर्बाइन को 179 डॉलर यानी कि करीब 15,000 रुपये में बेच रही है। इसके अलावा इसे क्राउडफंडिंग प्लेटफॉर्म किकस्टार्टर पर 750 से ज्यादा लोगों का सपोर्ट मिल चुका है। फिलहाल इसके भारत में आने को लेकर कोई जानकारी नहीं है।




