
लोकेशन: पत्थलगांव, जशपुर / रिपोर्टर: दीपक वर्मा
जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जामजुनवानी का है, जहां 34 वर्षीय सुशील खलखो का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध बताया जा रहा था। इस रिश्ते को लेकर महिला का पति लगातार विरोध कर रहा था और दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि विवाद को लेकर गांव में सामाजिक बैठक भी हुई थी, लेकिन मामला शांत नहीं हो सका।
बीती रात करीब 11 बजे सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था। तभी आरोपी जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले युवक के साथ जमकर मारपीट की और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।





घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
“प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या की गई है। मामले में नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है।”
पुलिस पूछताछ में आरोपी जयलाल एक्का ने बताया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच लंबे समय से संबंध थे। कई बार समझाने के बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ, जिससे नाराज होकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, वहीं इस सनसनीखेज हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।




