
रिपोर्टर :सुरेन्द्र साहू / लोकेशन :शिवनंदनपुर, जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में प्रचार अब तेज हो गया है। चुनावी प्रचार के तहत पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री Arun Sao ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा।


जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा भाजपा सरकार ने दिया है और आने वाले समय में इसे स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर के रूप में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए भाजपा प्रत्याशियों की जीत जरूरी है।
सभा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी को विजय माला पहनाकर जीत का भरोसा जताया। उन्होंने क्षेत्र की जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने और विकास की नई इबारत लिखने का आह्वान किया।


अपने संबोधन में अरुण साव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की “अमर, अकबर और एंथोनी” की जोड़ी आखिर किस उद्देश्य से एकजुट हुई है, यह प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गठजोड़ जनता के हित में नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थों के लिए किया गया है।


चुनावी माहौल के बीच उपमुख्यमंत्री भाजपा की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत चुनाव में जनता भाजपा के विकास कार्यों पर मुहर लगाएगी और शिवनंदनपुर सहित पूरे क्षेत्र में भाजपा को समर्थन मिलेगा।
नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि जनता किसके दावों और वादों पर भरोसा जताती है।




