
कोरबा जिले में अदानी पावर परियोजना को लेकर एक बार फिर विरोध के स्वर सुनाई दे रहे हैं। परियोजना से प्रभावित किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और आरोप लगाया कि उन्हें उनकी जमीन के बदले उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
कोरबा-चांपा मार्ग पर पताढ़ी के पास स्थित अदानी पावर परियोजना से प्रभावित ग्रामीण बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण में उन्हें नियमानुसार और उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों का दावा है कि प्रभावित करीब 60 प्रतिशत भू-स्वामी वर्तमान शर्तों पर अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जब तक उचित मुआवजा और उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक वे भूमि अधिग्रहण का विरोध जारी रखेंगे।
किसानों ने प्रशासन से निष्पक्ष तरीके से उनकी मांगों पर विचार करने और नियमानुसार मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि किसानों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है और इस विवाद का समाधान किस तरह निकाला जाता है।




