
लोकेशन – बिलासपुर / रिपोर्ट – प्रांजल सिंह
छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को बिलासपुर में कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।



जानकारी के अनुसार, वे तिफरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे और सामाजिक एवं योग गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनके निधन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।




