
कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में पिकअप वाहन स्टैंड की आड़ में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से नकदी, मोबाइल फोन, ताश की गड्डी और जुए में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मानिकपुर क्षेत्र के पिकअप वाहन स्टैंड में लंबे समय से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और जुआ खेल रहे 8 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18 हजार 800 रुपये नकद, कई मोबाइल फोन, ताश की गड्डी और अन्य जुआ सामग्री जब्त की। मौके से शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल गिलास भी मिले, जिससे वहां शराबखोरी होने की भी पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पेशे से वाहन चालक हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अवैध जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।




