अंतर्राष्ट्रीय

भारत में रेकॉर्ड तोड़ रही है गाड़ियों की बिक्री और चीन में गिरने लगी सेल, थकने लगा है दुनिया का इंजन?

नई दिल्ली: जुलाई 2026 में भारत में गाड़ियों की रिटेल बिक्री सालाना आधार पर 25.89% बढ़कर रेकॉर्ड 25.91 लाख यूनिट तक पहुंच गई। इस दौरान कारों का रिटेल रजिस्ट्रेशन पिछले साल के मुकाबले 19.13 फीसदी की तेजी के साथ 4.16 लाख यूनिट पहुंच गया। यह पहला मौका है जब जुलाई में कारों की बिक्री का आंकड़ा 4 लाख यूनिट के पार गया। दूसरी ओर चीन में पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री में 21 फीसदी गिरावट आई है। चीन की अर्थव्यवस्था मुश्किल दौर से गुजर रही है।

जुलाई में चीन का इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन सालाना आधार पर 4.5% बढ़ा, लेकिन पिछले 3 महीनों में पहली बार इसमें मासिक गिरावट देखी गई। वहीं, रिटेल सेल्स में सालाना आधार पर सिर्फ 0.6% की बढ़ोतरी हुई, जो कम से कम 18 महीनों में तीसरी सबसे कम बढ़त है। इसकी वजह यह है कि रिटेल सेल्स का सबसे बड़ा हिस्सा यानी पैसेंजर गाड़ियों की बिक्री सालाना आधार पर 21% गिर गई।

रियल एस्टेट क्राइसिस

इसके अलावा, 2026 के शुरुआती 7 महीनों में फिक्स्ड-एसेट इन्वेस्टमेंट में सालाना आधार पर 6.7% की गिरावट आई, जो साल की पहली छमाही में हुई 5.7% की गिरावट से भी ज्यादा खराब स्थिति है। इसी दौरान, रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट में सालाना आधार पर 19.2% की भारी गिरावट आई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। चीन की अर्थव्यवस्था में सुस्ती हर बड़े सेक्टर में बढ़ती जा रही है।

चीन में हाउसिंग संकट लगातार गहराता जा रहा है। जून में 3.3% की सालाना गिरावट के बाद, जुलाई में चीन के 70 शहरों में नए मकानों की कीमतों में 3.2% की सालाना गिरावट आई। चीन में प्रॉपर्टी की कीमतें 2023 के मध्य से लगातार गिर रही हैं। चीन के हाउसिंग मार्केट के लिए यह 2008 जैसा दौर है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button