छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

जांजगीर-चांपा जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला। मुख्य अतिथि मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया गया। तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं।

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट सेवाओं और बेहतर कार्य के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और जिलेवासी मौजूद रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। सीनियर वर्ग की परेड में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं एनसीसी बालिका टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर दूसरे और एनसीसी बालक टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर तीसरे स्थान पर रहे।

जूनियर वर्ग की परेड में एनसीसी ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक को दूसरा और सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर को तीसरा स्थान मिला। गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर प्रथम रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत शानदार प्रस्तुतियां दीं। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ज्ञानदीप उमावि जांजगीर दूसरे और सेजेस चांपा तीसरे स्थान पर रहा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।

समारोह के बाद मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया गया।

जांजगीर-चांपा में स्वतंत्रता दिवस समारोह ने देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। तिरंगे की शान और शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए जिलेवासियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button