उज्ज्वला योजना में कटौती से गरीब परिवारों पर बढ़ेगा बोझ : नागेंद्र गुप्ता

लोकेशन: जांजगीर–चांपा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: शुभाशु मिश्र
उज्ज्वला योजना के तहत रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या में कथित कटौती को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने इसे गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों के हितों के खिलाफ बताते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता ने जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले रियायती गैस सिलेंडरों की संख्या में लगातार कमी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले लाभार्थियों को वर्षभर में 12 रियायती गैस सिलेंडर मिलते थे, जिसे पहले घटाकर 9 किया गया और अब इसे केवल 4 सिलेंडरों तक सीमित करने की बात सामने आ रही है।
नागेंद्र गुप्ता ने कहा कि यदि ऐसा होता है तो गरीब परिवारों को शेष समय महंगी रसोई गैस खरीदनी पड़ेगी या फिर पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी और कोयले का सहारा लेना होगा। उन्होंने इसे गरीब विरोधी निर्णय बताते हुए कहा कि इससे लाखों परिवार प्रभावित होंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान हटाकर राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रही, जिसका खामियाजा आम जनता, किसान और गरीब परिवार भुगत रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बढ़ती महंगाई और आवश्यक सेवाओं की लागत ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
बाइट: नागेंद्र गुप्ता, प्रवक्ता, जिला कांग्रेस कमेटी




