
कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कटकोना के बैगापारा स्थित प्राथमिक शाला भवन की हालत जर्जर होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बताया जा रहा है कि स्कूल भवन करीब दो वर्षों से जर्जर हालत में है, जिसके चलते बच्चों को मजबूरी में आंगनबाड़ी केंद्र में बैठाकर पढ़ाई कराई जा रही है।


ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जर्जर भवन में बच्चों को बैठाना जोखिम भरा होने के कारण उन्हें आंगनबाड़ी में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पढ़ाया जा रहा है। पर्याप्त शैक्षणिक वातावरण और संसाधनों के अभाव में बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ने की चिंता ग्रामीणों और अभिभावकों ने जताई है।
लंबे समय से स्कूल भवन की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक नौनिहालों को आंगनबाड़ी के भरोसे पढ़ाई करनी पड़ेगी।
अभिभावकों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से जर्जर स्कूल भवन का जल्द निरीक्षण कर नए भवन का निर्माण अथवा आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को कब तक गंभीरता से लेते हैं और बच्चों के लिए सुरक्षित स्कूल भवन की व्यवस्था कब तक हो पाती है।

पीटीसी = राम नगारची




