
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के विरोध ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पुलिस टीम पर पथराव किया गया, जिसमें डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

यह घटना प्रतापपुर क्षेत्र के मदननगर-धरमपुर इलाके की है, जहां भूमि अधिग्रहण और सर्वे की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिस टीम पर पथराव होने लगा।
पथराव में डीएसपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया।
हालात को देखते हुए पांच जिलों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई है। पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई रोक दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। भूमि अधिग्रहण और सर्वे को लेकर ग्रामीणों का विरोध अभी भी जारी है।
फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस हालात सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं। घटना के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




