राष्ट्रीय

कोलकाता में भीषण अग्निकांड, होटल में आग लगने से 9 बांग्लादेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में न्यू मार्केट थाना में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लग गई. 15, मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित जिस होटल में आग लगी उसका नाम ‘शिका इन’ (Shika Inn) है. कोलकाता पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 2 महिलाओं और 1 बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई.

आग बुधवार तड़के लगी जब होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे. धुएं का गुबार और लपटें उठती देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया.घटना के बाद फॉरेंसिक विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची है. वहीं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल और उद्योग मंत्री तापस रॉय घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. 

वहीं 9 मौतों पर पश्चिम बंगाल के मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा, “अभी तक 9 लोगों की मौत होने की जानकारी है. आग लगने के पीछे का मुख्य कारण अभी हम लोगों को पता नहीं चल पाया है. फॉरेंसिक टीम की जांच के बाद ही आग का मुख्य कारण पता चल पाएगा… हम लोग तुरंत आ गए और लोगों को बचाया वरना 100 लोगों की मौत हो सकती थी. 80 लोगों को ऐसी स्थिति से रेस्क्यू किया… ऐसा लगता है कि लोगों की मौत धुए के कारण हुआ है. इस मामले में जरूर कार्रवाई होगी. 9 लोगों की मौत हो गई, हम लोग जरूर कार्रवाई करेंगे. बल्कि को होटल बनाने का लाइसेंस कहां से मिला. हम लोग पूरी जांच करेंगे और फिर कार्रवाई होगी. अब अंदर कोई नहीं फंसा है.”

इलाज के लिए आए थे बांग्लादेशी नागरिक

अग्निशमन विभाग ने घटना के बाद बयान जारी करते हुए कहा कि आग लगने की यह घटना कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुई जहां तड़के करीब 2 बजे आग लग गई और तुरंत ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे.

आग के बाद उठे धुएं के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया. दमकल विभाग की टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है. हालांकि, आग किस वजह से लगी यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है.  पुलिस ने होटल के 2 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है. हादसे के बाद 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

न्यू मार्केट पुलिस ने बयान जारी करते हुए बताया,’ घटना की सूचना लगभग 02:00 बजे मिली. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. इसके साथ ही दमकल विभाग और बिजली विभाग को अलर्ट किया गया दमकल की 4 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और बचाव व आग बुझाने का काम शुरू किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत कानून-व्यवस्था बनाए रखने, ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने और होटल के अंदर फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किए. धुएं और आग की लपटों के बीच पुलिस और दमकलकर्मियों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में चलाए गए अभियान के बाद लगभग 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.’

पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान 9 लोग होटल के भीतर अचेत अवस्था में पाए गए. उन्हें तुरंत इलाज के लिए निकटतम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां ऑन-ड्यूटी डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया.

बीरभूम के होटल में भी लगी थी आग

 आपको बता दें कि सोमवार को भी इसी तरह का हादसा बीरभूम जिले में भी सामने आया था. यहां एक चार मंजिला होटल में आग लगने से 7 लोगों को मौत हो गई थी.आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी. उस समय सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण होटल तीर्थयात्रियों से पूरी तरह भरा हुआ था.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button