
सूरजपुर जिले में निर्माण कार्य के भुगतान के बदले कथित रूप से 3 प्रतिशत कमीशन मांगने का मामला सामने आया है। एक मटेरियल सप्लायर ने आरईएस विभाग के एसडीओ और इंजीनियर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई और लंबित भुगतान जारी कराने की मांग की है।


प्रेमनगर विकासखंड के ग्राम उमेश्वरपुर निवासी सुभाष कुमार साहू ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत सार्वजनिक मंच निर्माण का कार्य किया था। उनका दावा है कि निर्माण कार्य करीब छह माह पहले पूरा हो चुका है और संबंधित इंजीनियर द्वारा उसका मूल्यांकन भी किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भुगतान जारी करने के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। उनका कहना है कि कमीशन नहीं देने के कारण उनकी भुगतान संबंधी फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सुभाष कुमार साहू ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा लंबित भुगतान जल्द जारी कराने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामला जांच के अधीन है। जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी।




