
सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने रामेश्वर नगर के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी और शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।







निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे। बच्चों ने प्रधानमंत्री का नाम, जिले और राज्यों के नाम सही-सही बताकर तथा ब्लैकबोर्ड पर लिखकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की।
कलेक्टर ने शिक्षकों को एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) पर विशेष ध्यान देने, कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त सहयोग प्रदान करने, गतिविधि आधारित शिक्षण अपनाने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समय पर पाठ्यपुस्तकों और गणवेश के वितरण के साथ-साथ विद्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है, इसलिए सभी विद्यार्थी मन लगाकर अध्ययन करें और जीवन में आगे बढ़ें।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जर्जर पुराने भवन भी पाए गए। इस पर कलेक्टर ने पंचायत से प्रस्ताव पारित कर उन्हें तत्काल डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर के इस निरीक्षण से विद्यालय प्रबंधन में सक्रियता बढ़ी है। प्रशासन का कहना है कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




