पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम तागा का है। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ईश्वरी यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसके बेटे अनिल यादव की ट्रैक्टर पलटने की घटना में मौत हो गई थी। अनिल ग्राम तागा निवासी शिवशंकर कश्यप के ट्रैक्टर में काम करने जाता था।

बताया गया कि इस घटना को लेकर प्रार्थी द्वारा थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित रूप से प्रार्थी के घर में घुसकर लोहे की रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
शिकायत मिलने के बाद मुलमुला पुलिस ने अपराध क्रमांक 162/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर तत्काल दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिवशंकर कश्यप उम्र 32 वर्ष और रामशंकर कश्यप उम्र 25 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम तागा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह सहित मुलमुला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




