ग्राम पंचायत सिवनी-नैला में टूटा बेजाकब्जा पर कहर, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

लोकेशन – जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं खाली की गई सरकारी जमीन, तहसीलदार, पंचायत और पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान

जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंचायत सिवनी-नैला में आज प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए बेजाकब्जा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। सुबह से ही गांव में प्रशासनिक हलचल तेज रही और देखते ही देखते मौके पर पंचायत अमला, राजस्व विभाग और पुलिस बल पहुंच गया।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित कब्जाधारियों को पिछले कई महीनों से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे थे। पंचायत एवं राजस्व विभाग द्वारा कई बार समझाइश भी दी गई, लेकिन इसके बावजूद सरकारी भूमि खाली नहीं की गई। आखिरकार प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा।


कार्रवाई के दौरान तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व अमला मौके पर मौजूद रहा। वहीं किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों के जरिए अवैध निर्माण और कब्जों को हटाया गया।
ग्रामीणों की भारी भीड़ इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर जमा रही। कई लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि सरकारी जमीनों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही थी। वहीं कुछ कब्जाधारियों ने कार्रवाई पर नाराजगी भी जताई।

इस दौरान ग्राम पंचायत सिवनी-नैला के सरपंच रघुवीर बरेठ ने कहा —
“गाँव में बेजा कब्जाधारियों पर कार्यवाही किया गया है। आगे भी सरकारी भूमि को बचाने के लिए हर संभव वैधानिक कार्यवाही किया जायेगा। पंचायत शासकीय जमीनों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।”
पंचायत सूत्रों का कहना है कि सरकारी भूमि को मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिन लोगों ने शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है। गांव में दिनभर इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही और लोग प्रशासन के अगले कदमों पर नजर बनाए हुए हैं।




