
सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर 13 अपचारी बालक फरार हो गए हैं। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने सभी फरार बालकों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 13 अपचारी बालकों ने पुराने दरवाजे को तोड़कर भागने की योजना बनाई और वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

यह पहली बार नहीं है जब बाल संप्रेक्षण गृह से अपचारी बालक फरार हुए हैं। इससे पहले 23 जून को भी 13 बालक यहां से भाग निकले थे। उस घटना में फरार हुए दो बालकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। ऐसे में दोबारा हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है।
घटना के बाद पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
लगातार दूसरी बार 13 अपचारी बालकों के फरार होने की घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर है कि फरार बालकों को कितनी जल्दी पकड़ा जाता है और जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है।




