कोटमी सोनार में रक्तदान का महाअभियान, 62 यूनिट रक्त संग्रहित

रिपोर्टर: मयंक / स्थान: कोटमीसोनार अकलतरा / जिला: जांजगीर चांपा
विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस-प्रशासन समेत युवाओं ने किया रक्तदान
जांजगीर-चांपा जिले के कोटमी सोनार गांव में सब्बो संगवारी शिक्षा एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आशीर्वाद ब्लड बैंक बिलासपुर के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा को समर्पित इस शिविर में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
शिविर में कुल 62 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसमें महिला रक्तदाताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। कोटमी सोनार थाना प्रभारी प्रतिभा राठौर एवं अनीता बघेल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया और रक्तदान के महत्व का संदेश दिया।




कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आनंद प्रकाश मिरी, पूर्व सरपंच डॉ. अलीम खान, डिप्टी कलेक्टर सत्येंद्र कुमार बंजारे, असिस्टेंट डायरेक्टर सिद्धांत दुबे, सहायक विकास विस्तार अधिकारी शशांक श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस, शिक्षक समुदाय, सेना, स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।




शिविर के दौरान कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्राम के प्रतिभावान छात्र अनम तंबोली और छात्रा हेमा साहू को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने दोनों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
रक्तदान जागरूकता अभियान को सफल बनाने में नवोदय विशेष कक्षा, क्रोकोडाइल डिफेंस एकेडमी और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।





समिति अध्यक्ष अजय मनहर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को सफल बनाने में शुभम बघेल, राहुल वस्त्रकार, रूपेंद्र कुमार वैष्णव, भरत डहरिया सहित समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में समिति ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।”




