कोरबाछत्तीसगढ़

कूदमुरा बस स्टैंड में गिरा विशाल बरगद का पेड़, बड़ा हादसा टला

रिपोर्टर – सरोज रात्रे / लोकेशन – कूदमुरा, कोरबा

आंधी-तूफान का कहर, पेड़ के नीचे दबी महिला को ग्रामीणों ने बचाया

कोरबा जिले के कूदमुरा क्षेत्र में शनिवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कूदमुरा बस स्टैंड परिसर में स्थित एक विशाल बरगद का पेड़ अचानक गिर पड़ा। घटना के दौरान एक महिला पेड़ के नीचे दब गई, जिसे ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शनिवार शाम तेज आंधी और तूफान के कारण कूदमुरा बस स्टैंड में वर्षों पुराना विशाल बरगद का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के दौरान एक महिला पेड़ के नीचे दब गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस तथा वन विभाग को सूचना दी। मौके पर कूदमुरा सरपंच प्रतिनिधि महेश राठिया, वन विभाग की टीम, पुलिस कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। सभी ने मिलकर पेड़ के नीचे फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

पेड़ के नीचे दबी महिला की पहचान राजकुमारी राठिया, पति हृदय राठिया, निवासी चचिया के रूप में हुई है। घायल महिला को डायल-112 की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

समय रहते ग्रामीणों, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि इस घटना ने पुराने और जर्जर पेड़ों की नियमित जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button