
कांकेर के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा खेती का खुलासा किया है। आरोपी अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी संख्या में गांजे के पौधे बरामद किए हैं, जिनकी कीमत 4 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भरसा तरहुल गांव में एक ग्रामीण अपने खेत में अवैध गांजे की खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां अरहर की फसल के बीच गांजे के पौधे मिले।
पुलिस ने पौधों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि गांजे की खेती कब से की जा रही थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
भानुप्रतापपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। फिलहाल मामले की जांच आगे जारी है।




