
लोकेशन: गेवरा, कोरबा (छत्तीसगढ़) / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा जिले के गेवरा स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ और नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय के सामने आयोजित कार्यक्रम में नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर आधारित एक प्रेरक वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और सीआईएसएफ के जवानों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में सीआईएसएफ के बल सदस्यों के साथ एसईसीएल प्रबंधन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के इकाई प्रभारी एवं उप महानिरीक्षक श्री रघुबीर नरेन ने कहा कि नशा व्यक्ति के तन, मन और धन—तीनों को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने की अपील की।
जागरूकता, संकल्प और सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ संपन्न यह कार्यक्रम नशा मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।




