
जिला रायगढ़ छत्तीसगढ़, संवाददाता ललिता बरेठ
रायगढ़ जिले को अपराध जांच और वैज्ञानिक विवेचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक जांच और डिजिटल फॉरेंसिक विश्लेषण संभव हो सकेगा। क्षेत्रीय एफएसएल कार्यालय रायगढ़ में अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया।
महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट को रवाना किया। “लैब ऑन व्हील्स” सुविधा से लैस यह वैन घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन, फिंगरप्रिंट जांच, डीएनए सैंपल संग्रह और डिजिटल फॉरेंसिक परीक्षण करने में सक्षम होगी।
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पुलिस और न्याय व्यवस्था को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बना रही है। हाल ही में रायगढ़ में क्षेत्रीय एफएसएल लैब की स्थापना के बाद अब मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट मिलने से जांच प्रक्रिया और अधिक तेज व प्रभावी होगी।


एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इसे पुलिस आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि साइबर थाना, एफएसएल लैब और आधुनिक ईआरवी वाहनों के बाद अब मोबाइल फॉरेंसिक वैन जुड़ने से घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक जांच संभव होगी। इससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने और त्वरित न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल फॉरेंसिक टूल्स, फिंगरप्रिंट डेवलपमेंट किट, डीएनए सैंपल उपकरण और जीपीएस आधारित बॉडी वॉर्न कैमरा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।




