
कोरबा जिले के करतला क्षेत्र से दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम पीडिया में जंगल में फूटू यानी जंगली मशरूम तोड़ने गए एक बुजुर्ग की हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, करतला क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तीन हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। गुरुवार को गांव के कुछ लोग जंगल में फूटू तोड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक एक हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया।
हाथी ने बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद साथ गए अन्य ग्रामीण जान बचाकर वहां से भागे और गांव पहुंचकर इसकी सूचना परिजनों एवं वन विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग लोगों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है।




