जांजगीर-चांपा में आज गूंजा ‘एक राखी साइबर जागृति’ का संदेश, 432 पंचायतों में साइबर सुरक्षा का संकल्प

जांजगीर-चांपा, 27 अगस्त 2026। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आज जिलेभर में अनूठे साइबर जागरूकता अभियान “एक राखी साइबर जागृति की” का शुभारंभ किया। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में किया गया।






इस पहल के तहत जिले की 432 ग्राम पंचायतों के साथ शहरी क्षेत्रों, शासकीय कार्यालयों, कॉलेजों और शासकीय विद्यालयों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:30 बजे संबंधित स्थानों पर तथा जिलेभर में 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक पुलिस, ग्राम कोटवार और ग्रामीण क्षेत्रों की महिला कमांडो ने एक-दूसरे को “साइबर जागृति की राखी” बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संकल्प लिया।
राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस व्यापक पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गांव से शहर तक एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।
पुलिस का संदेश: “राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”




