
जयनगर पुलिस ने 848 किलो 650 ग्राम गांजा जब्ती के मामले में फरार आरोपी जाजोन पारधी को मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लोकेशन पता कर ग्राम खिरहनी में दबिश दी और उसे पकड़ा। ट्रांजिट रिमांड के बाद आरोपी को जयनगर लाया गया, जहां पूछताछ के बाद 24 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

गौरतलब है कि 4 जून को सिलफिली में नीलम बस से 848 किलो 650 ग्राम गांजा, 478 झाड़ू और बस सहित करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया था। मामले में पूर्व में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार प्रकरण की इण्ड-टू-इण्ड विवेचना जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




