
सूरजपुर/ जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र के कल्याणपुर-कोटबहरा जंगल में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जंगल में एक पेड़ पर युवक-युवती के शव लटके होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ ही दोनों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस की जांच और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल प्रेमी युगल की मौत से इलाके में सनसनी का माहौल है।




