
सूरजपुर | छत्तीसगढ़
सूरजपुर में जनदर्शन एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए राहत का मंच साबित हुआ है। 80 प्रतिशत दिव्यांग परशुराम तिवारी के एक आवेदन पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई। इससे उनके आवागमन की समस्या दूर होने के साथ आत्मनिर्भर जीवन की राह भी आसान हो गई है।

सूरजपुर कलेक्टर श्रीमती रैना जमील द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनदर्शन में इस बार 85 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसी दौरान प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम बगड़ा कोटेया निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग परशुराम तिवारी जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने आवागमन में होने वाली कठिनाइयों को बताते हुए मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की।


कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही विभाग ने बिना विलंब किए परशुराम तिवारी को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध करा दी।
मोटराइज्ड ट्राई साइकिल मिलने के बाद परशुराम तिवारी ने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब उनका आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा और वे अधिक आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे।
शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। ऐसे प्रयास दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रहे हैं।




