
लोकेशन: कोरबा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: ब्यूरो
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक बार फिर ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सड़क हादसे में घायल महिला के पैर का ऑपरेशन तो कर दिया गया… लेकिन डॉक्टर ऑपरेशन के दौरान सबसे जरूरी हिस्सा ही लगाना भूल गए। पैर में रॉड डाल दी गई, मगर उसे मजबूती देने वाला स्क्रू लगाना ही भूल गए।



जानकारी के मुताबिक छुरी निवासी भूरी मरकाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पैर में रॉड डाली, लेकिन ऑपरेशन के दो दिन बाद जब महिला की स्थिति जानने एक्सरे कराया गया, तब अस्पताल की बड़ी चूक सामने आ गई।



एक्सरे रिपोर्ट में साफ दिखा कि रॉड के ऊपरी हिस्से में तो स्क्रू लगाया गया है, लेकिन नीचे का स्क्रू गायब है। यानी जिस ऑपरेशन को सफल बताया जा रहा था, वह अधूरा निकला।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऑपरेशन थिएटर में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो गई? क्या ऑपरेशन के दौरान कोई मॉनिटरिंग नहीं होती? और अगर एक्सरे नहीं कराया जाता तो क्या यह चूक दबा दी जाती?
मामला सामने आने के बाद डॉक्टरों का कहना है कि महिला का दोबारा ऑपरेशन कर स्क्रू लगाया जाएगा। लेकिन इस जवाब से मरीज और उसके परिजन संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले ही दर्द और परेशानी झेल रही महिला को अब दोबारा ऑपरेशन की पीड़ा से गुजरना पड़ेगा।



वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमएस डॉ. गोपाल कंवर इस पूरे मामले को लापरवाही मानने से बचते नजर आए। लेकिन सवाल यही है कि अगर ऑपरेशन के बाद जरूरी स्क्रू ही गायब मिले, तो इसे आखिर क्या कहा जाए?
कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहले भी लापरवाही के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। अब इस घटना ने मरीजों की सुरक्षा, डॉक्टरों की जवाबदेही और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




