कोरबाछत्तीसगढ़

पहली बारिश में दरकी करोड़ों की पुलिया! विकास कार्यों की गुणवत्ता पर उठे सवाल

कोरबा | छत्तीसगढ़

कोरबा जिले के करतला विकासखंड से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। ग्राम पंचायत भैसामुड़ा के जोगीनाला में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया पहली ही बारिश में दरकती नजर आ रही है। पुलिया के किनारों पर दरारें, धंसती सड़क और निर्माण स्थल पर सूचना पटल का अभाव अब पूरे मामले को संदेह के घेरे में ला रहा है। ग्रामीण निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला में हाल ही में निर्मित पुलिया पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होती दिखाई दे रही है। पुलिया के किनारों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं और सड़क भी कई स्थानों पर धंसने लगी है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान उन्होंने कई बार गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई थी, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब पहली ही बारिश में पुलिया की स्थिति खराब होने से ग्रामीणों की आशंकाएं सही साबित होती दिखाई दे रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर परियोजना से जुड़ी जानकारी देने वाला सूचना पटल भी नहीं लगाया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि निर्माण किस विभाग द्वारा कराया गया, किस एजेंसी ने काम किया और किस ठेकेदार को इसकी जिम्मेदारी दी गई। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते पुलिया की तकनीकी जांच नहीं कराई गई और आवश्यक मरम्मत नहीं हुई, तो आगामी बारिश में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर कार्रवाई तथा पुलिया के गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण की मांग की है।

फिलहाल यह मामला स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों का जवाब कैसे देता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button