
लोकेशन :रायगढ़ / दीपक यादव
रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत में फैले एक बड़े सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गोवा में किराए के विला पर रेड कर पुलिस ने छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। जांच में हवाला नेटवर्क, बेटिंग आईडी, APK बेस्ड टीवी ऐप और करोड़ों के लेनदेन के सुराग मिले हैं।



रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम ने एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।
कोतवाली थाना में दर्ज मामलों की जांच के दौरान पुलिस को हवाला लेनदेन और बड़े सट्टा नेटवर्क से जुड़े इनपुट मिले थे, जिसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस की टीम गोवा पहुंची, जहां कैंडोलिम बीच इलाके के एक किराए के विला में दबिश दी गई। यहां पुलिस ने अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए गिरफ्तार किया।



पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते थे।
ये आरोपी रायपुर से “अभिनंदन बुक” और “लाइन” के जरिए मैच का भाव लेते थे और APK बेस्ड ऐप्स के माध्यम से नीचे एजेंट और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे।
सट्टेबाज “प्रगति टीवी” और “स्टार लाइव” जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करते थे, जिनमें मैच करीब 7 सेकंड पहले दिखाई देता था। इसी एडवांटेज का उपयोग कर करोड़ों का सट्टा खेलाया जाता था।
इसके अलावा “ऑल पैनल एक्सचेंज”, “ताज 777” और “डायमंड एक्सचेंज” जैसी बेटिंग आईडी के जरिए भी ऑनलाइन जुआ संचालित किया जा रहा था।


पुलिस के मुताबिक यह नेटवर्क मध्य भारत के चर्चित “मन्नू नथानी गैंग” से जुड़ा हुआ है।
आरोपी दुबई से मिलने वाली बेटिंग आईडी को नागपुर, रायपुर और अन्य शहरों तक पहुंचाते थे और कमीशन के आधार पर छोटे खाईवालों और प्लेयर्स को उपलब्ध कराते थे।
मोबाइल जांच में हवाला लेनदेन के सबूत भी मिले हैं। पुलिस को नोटों के सीरियल नंबर शेयर कर रकम ट्रांसफर करने के प्रमाण मिले हैं। इससे पहले भी इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी जब्त की जा चुकी है।
“रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कार्रवाई जारी रहेगी।”
फिलहाल पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अब रायगढ़, रायपुर, सक्ती, नागपुर और अन्य शहरों में फैले इस नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को ऑनलाइन सट्टा माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।




