छत्तीसगढ़सूरजपुर

प्रेम प्रसंग के शक में बालिका की हत्या, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

सूरजपुर जिले में प्रेम प्रसंग के शक में एक बालिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमिका के किसी दूसरे युवक से संबंध होने के शक में आरोपी ने धारदार चाकू से उसके गले पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद सक्रिय हुई सूरजपुर पुलिस ने आरोपी को महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ग्राम कुरवां निवासी रीतेश राजवाड़े को अपनी प्रेमिका राधिका राजवाड़े के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में रीतेश ने धारदार चाकू से राधिका के गले पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।


चाकू से हुए हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया। लेकिन अंबिकापुर ले जाते समय अजबनगर के आगे बालिका ने दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश की गई। वहीं मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरजपुर के समीप पीढ़ा गांव में दबिश देकर आरोपी रीतेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू समेत अन्य साक्ष्यों की बरामदगी और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रेम प्रसंग के शक में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button