
पुलिस ने नाकाबंदी कर दो कारों से पकड़ा अंतरराज्यीय गिरोह, 49 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
जशपुर | 24 अप्रैल 2026
जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 76 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा जब्त करते हुए एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से दो कारों के जरिए गांजा तस्करी कर जशपुर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों को घेरकर पकड़ा।
तलाशी के दौरान मारुति ब्रेजा और मारुति XL6 कार से 73 पैकेट में भरा गांजा बरामद हुआ। साथ ही मौके से दो लक्जरी कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।


पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि कुल जब्ती 49 लाख 17 हजार रुपये से अधिक की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा उड़ीसा से लाकर अन्य स्थानों पर खपाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
(रिपोर्ट: दीपक वर्मा, जशपुर)




