बीजेपी नेता अमर सुल्तानिया पर अवैध मिट्टी उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा… वीडियो वायरल होने से प्रशासन में मचा हड़कंप

संवाददाता : जय ठाकुर / लोकेशन : जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में अवैध मिट्टी उत्खनन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मुड़पार स्थित रामसागर डेम से लंबे समय से रात के समय मिट्टी उत्खनन किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने बीजेपी नेता अमर सुल्तानिया पर लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि चैन माउंटेन और तीन हाईवा वाहनों के जरिए लगातार मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे डेम और सड़क को नुकसान पहुंच रहा है। विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों को धमकाने का आरोप भी लगाया गया है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।


ग्रामीणों के मुताबिक रामसागर डेम से पिछले कई महीनों से रातभर अवैध उत्खनन किया जा रहा है। भारी मशीनों और हाईवा वाहनों से मिट्टी निकालने के कारण डेम की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है, वहीं ग्रामीण सड़कों की हालत भी खराब हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जनवरी महीने में भी इस मामले की शिकायत प्रशासन से की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों और बीजेपी नेता अमर सुल्तानिया के बीच कथित बहस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। वायरल वीडियो में ग्रामीणों को धमकाने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध उत्खनन पर रोक लगाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को कब तक न्याय मिल पाता है।




