सिवनी हाई स्कूल में चांपा पुलिस का जागरूकता अभियान, नए कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी स्थित शासकीय हाई स्कूल में चांपा पुलिस ने विधिक एवं साइबर जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून की जानकारी देने के साथ ऑनलाइन ठगी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय भी बताए।



कार्यक्रम में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होना आवश्यक है ताकि किसी भी परिस्थिति में सही कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सके।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के बारे में जागरूक करते हुए फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और नजदीकी पुलिस थाने में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की।
प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और रक्षा टीम की महिला सदस्यों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण, नशामुक्ति, यातायात नियम और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए गए।
विद्यालय के प्राचार्य के.के. साहू ने चांपा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान विद्यार्थियों में कानूनी समझ, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने चांपा पुलिस का आभार व्यक्त किया।




