कबीरधामछत्तीसगढ़

7 दिन में अंधे हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल; पत्थर से की थी हत्या

कवर्धा जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने महज सात दिनों के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर, मृतक की मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को ग्राम बंजारी स्थित नायक ढाबा के पास एक युवक का शव मिला था। जांच में मृतक की पहचान दुर्ग जिले के जामुल निवासी उदय प्रताप सिंह राजपूत के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और सीने पर गंभीर चोटों से हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और भोरमदेव क्षेत्र सहित 40 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि मृतक आखिरी बार अपने दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट के साथ देखा गया था। हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।


आरोपी ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई को दोनों भोरमदेव-चिल्फी घाटी घूमने और शराब पीने गए थे। लौटते समय मोटरसाइकिल से गिरने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने नायक ढाबा के पास पत्थर से मृतक के सिर और सीने पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और मोटरसाइकल लेकर फरार हो गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, कपड़े और मोटरसाइकल बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच की मदद से इस अंधे हत्याकांड का तेजी से खुलासा किया गया। मामले की विवेचना आगे भी जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button