छत्तीसगढ़सूरजपुर

प्रतापपुर रेंज में हाथी का आतंक

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में एक बार फिर हाथी का आतंक देखने को मिला। कनकनगर–चिट्काबहरा मार्ग पर एक जंगली हाथी ने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार पर हमला कर दिया। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन गुस्साए हाथी ने उसकी बाइक को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना प्रतापपुर रेंज के कनकनगर–चिट्काबहरा मार्ग की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार युवक जैसे ही इस मार्ग से गुजर रहा था, सड़क किनारे मौजूद हाथी अचानक आक्रामक हो गया और उसकी ओर दौड़ पड़ा। खतरा भांपते ही युवक बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, जिससे उसकी जान बच गई।


युवक के भागने के बाद हाथी ने बाइक पर जमकर हमला किया। उसने सूंड और पैरों से बाइक को पटक-पटककर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान मार्ग पर कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, वनरक्षक और हाथी मित्र दल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। कुछ समय बाद हाथी वापस जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें, अकेले यात्रा करने से बचें और हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे उकसाने का प्रयास बिल्कुल न करें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना दें।
सूरजपुर जिले में लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि हाथियों के प्राकृतिक आवास और कॉरिडोर का संरक्षण ही मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने का स्थायी समाधान हो सकता है। फिलहाल वन विभाग लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील कर रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button