
लोकेशन: कोरबा / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
कोरबा में पुरानी रंजिश के चलते हुई लूट और जानलेवा हमले की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास युवक का रास्ता रोककर मारपीट, कार में तोड़फोड़ और 60 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको चौकी रजगामार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने प्रार्थी का रास्ता रोककर लोहे के रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला किया। इसके बाद कार में तोड़फोड़ कर 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद कर ली। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई से पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने का प्रयास किया है।




