नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर जानलेवा हमला! अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद

लोकेशन: खरौद / रिपोर्टर: मुरली नायर / दिनांक: 03/07/2026
जांजगीर-चांपा जिले के खरौद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष महेश्वर यादव पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले की वजह पुरानी रंजिश और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।


बताया जा रहा है कि नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश्वर यादव नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग का सहयोग कर रहे थे। इसी को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उन पर जानलेवा हमला किया गया। घटना के बाद समर्थकों में नाराजगी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
घटना को लेकर यह सवाल भी उठ रहे हैं कि यदि किसी जनप्रतिनिधि पर इस तरह हमला होता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है। वहीं, आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ पहले से कई मामले लंबित होने के बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के कारणों और आरोपियों की भूमिका की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी। वहीं स्थानीय लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




