आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी! गौरी से शादी को बताया लव जिहाद

लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से बॉलीवुड एक्टर आमिर खान को धमकी मिली है। विश्नोई गैंग के टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई के नाम पर मिली धमकी में आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को लव जिहाद बताया गया है और कहा कि इस तरह के कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धमकी देने वालों ने कहा है कि बहुत जल्दी इसका जवाब दिया जाएगा।
आमिर की शादी को बताया ‘लव जिहाद’
शनिवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से एक चिट्ठी और एक ऑडियो मैसेज जारी किया गया। इस चिट्ठी में गैंग की तरफ से आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी को लव जिहाद बताया गया है। इसके साथ ही राजस्थान के गंगानगर में बच्ची के साथ रेप मामले पर भी नेताओं को धमकी दी है। गैंग की तरफ से कहा गया है कि प्रशासन के काम में जो लोग दखल दे रहे हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
चिट्ठी में क्या-क्या लिखा
गैंग की तरफ से दो लोगों के नाम से चिट्ठी जारी की गई है। चिट्ठी में आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई का नाम है। इनकी तरफ से आमिर खान को धमकी देते हुए कहा गया है कि जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसको बढ़ावा दे रहे हैं, हम इसको बर्दाश्त नहीं करेंगे। गैंग की तरफ से कहा गया कि जल्द ही इसका जवाब दिया जाएगा। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से कहा गया कि यह उनकी संस्कृति और देश दोनों के खिलाफ है। गैंग की तरफ से यह भी कहा गया कि जो भी इस तरह की चीजों को बढ़ावा देगा, हम देशवासियों से वादा करते हैं कि उनको अपने तरीके से जवाब देंगे।




