
कोरबा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। सड़कें और पुल-पुलिया बह जाने से लोगों की आवाजाही बंद हो गई है। सबसे ज्यादा असर पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के वनांचल क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।
वीओ: कोरबा जिले में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद बांगो, लेपरा, पोड़ी, कोरबी, फूलसर, सिंदूरगढ़, पुटीपखना, हड़देवा और पनगवां सहित कई गांवों में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।


लेपरा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहा मरम्मत कार्य पूरा होने से पहले ही सड़क दोबारा बह गई। वहीं सिंदूरगढ़ के आश्रित गांव कूदरी में टेटी नदी का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।
सरमा–पनगवां मार्ग पर बकाई नाला की पीएमजीएसवाई पुलिया भी तेज बहाव में बह गई, जिससे पनगवां गांव का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश में पीएमजीएसवाई की सड़कें और पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और संपर्क बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि ग्रामीणों को अब भी सुरक्षित आवागमन बहाल होने का इंतजार है।
बारिश ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों की बुनियादी सुविधाओं की पोल खोल दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन प्रभावित गांवों तक राहत कितनी जल्दी पहुंचाता है और क्षतिग्रस्त सड़कों व पुल-पुलियों की मरम्मत कब तक पूरी होती है। PUBLIC 24X7 LIVE के लिए रिपोर्टर सरोज रात्रे, कोरबा।




