कोरबाछत्तीसगढ़

बलगी में ‘दिया’ संगठन की नशा मुक्ति कार्यशाला, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

कोरबा जिले के बलगी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा संगठन ‘दिया’ के तत्वावधान में डिवाइन वर्कशॉप एवं नशा मुक्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन, चरित्र निर्माण, नारी सम्मान और राष्ट्र सेवा का संदेश देते हुए सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें विद्यालय परिवार, महिला मंडल और ‘दिया’ संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मुख्य वक्ता कन्हैया लाल चौहान ने विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सफलता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत चरित्र ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है।

नारी शक्ति प्रमुख सविता साहू ने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होल्कर और सावित्रीबाई फुले के जीवन से सीख लेने का संदेश दिया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने और नारी सम्मान का संकल्प भी दिलाया।


दिया कोरबा के कोषाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया। वहीं जिला संयोजक विजेंद्र यादव ने कहा कि संस्कारित और जागरूक युवा ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने नशामुक्त रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और राष्ट्र सेवा का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिसर “भारत माता की जय”, “जय माँ गायत्री” और “नशा मुक्त भारत” के नारों से गूंज उठा।
:
बलगी से शुरू हुई यह पहल युवाओं में सकारात्मक सोच, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरण कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button