
रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुराना शनि मंदिर के पास फल विक्रेता पर चाकू से हमला कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को सोनूमुड़ा नवापारा निवासी बलराम यादव (50 वर्ष), जो पुराना शनि मंदिर के पास फल का ठेला लगाते हैं, पर उनके परिचित मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान ने चाकू से हमला कर दिया था। बताया गया कि आरोपी ने पहले शराब पीने के लिए रुपये मांगे, जिस पर फल विक्रेता ने उसे 100 रुपये दिए। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा रुपये मांगने पहुंचा और मना करने पर फल काटने वाले चाकू से हमला कर मौके से फरार हो गया।
घटना की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर में घूम रहे आरोपी मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त कर लिया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




