
रिपोर्टर :सरोज रात्रे / लोकेशन :पाली, जिला कोरबा
कोरबा जिले के पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया जब तीन नशे में धुत युवकों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और जान से मारने तक की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में तीन युवक अस्पताल परिसर में उत्पात मचाते नजर आ रहे हैं। उनकी हरकतों से अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मरीजों और उनके परिजनों में भी भय का माहौल बन गया। अस्पताल स्टाफ ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन युवक लगातार अभद्रता करते रहे।
जानकारी के अनुसार हंगामा करने वाले युवक ग्राम नुनेरा और बनबांधा के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों युवक शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे थे और वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों के साथ विवाद करने लगे। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी भी की।


घटना के बाद पीड़ित डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ पाली थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों ने अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पाली पुलिस शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि डॉक्टर और नर्स ही सुरक्षित नहीं हैं, तो मरीजों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।




