
सूरजपुर जिले के बरदेई चौकी क्षेत्र से जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां सीमांकन के बाद भी खेत पर कब्जे को लेकर विवाद बढ़ गया। हाथ में तलवार लहराकर कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला ग्राम बांसापारा का है। पीड़िता बाबी देवांगन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 जुलाई को उनके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन खेत में पहुंचे और हाथ में तलवार लहराते हुए सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
शिकायत के अनुसार, विवादित जमीन लगभग 47 डिसमिल है, जो बाबी देवांगन के पुत्र दीपक देवांगन के नाम दर्ज है। 15 जून 2026 को राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में जमीन का सीमांकन भी कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा जमीन पर अपना अधिकार जताकर खेती करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता का कहना है कि जब वह अपने बच्चों के साथ खेत में कृषि कार्य करने पहुंचीं, तभी आरोपी अपनी पत्नी के साथ वहां आया और तलवार लहराते हुए खेत में प्रवेश करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल है।
शिकायत के आधार पर बरदेई चौकी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है और तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं वायरल वीडियो के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।




