
सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल परिसर में पड़े मिले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
मामला रामानुजनगर विकासखंड के खरखोरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापक हरिनंदन सिंह स्कूल परिसर में जमीन पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास बच्चों की चप्पलें बिखरी हुई हैं और वे सामान्य स्थिति में नजर नहीं आ रहे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रधानाध्यापक शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे और नशे की हालत में बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने भी मौके पर प्रधानाध्यापक के नशे में होने का दावा किया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की है। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।




