छत्तीसगढ़दुर्ग

स्कूल-कॉलेज के पास हेरोइन बेचने वाला तस्कर गिरफ्तार, 8.49 ग्राम हेरोइन, बाइक और मोबाइल जब्त

दुर्ग पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल और कॉलेज के पास हेरोइन बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.49 ग्राम हेरोइन, नगदी, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के आईटीआई मैदान, खुर्सीपार के पास एक युवक स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों सहित युवाओं को हेरोइन बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना खुर्सीपार पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान जसराज सिंह (22 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, छावनी, भिलाई के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.49 ग्राम हेरोइन, बिक्री से प्राप्त 1,050 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूल और कॉलेज के आसपास आने वाले युवाओं को छोटी-छोटी मात्रा में हेरोइन बेचकर अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button