
दुर्ग जिले की स्मृतिनगर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सुपेला के कृष्णा नगर निवासी जीतू साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी एक्टिवा से जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के सामने वचन डेयरी दूध लेने गए थे। दुकान के बाहर खड़ी उनकी एक्टिवा कुछ ही देर में अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के बाद स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने योगेश निषाद उर्फ बाऊ (24 वर्ष), निवासी ग्राम समोदा, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर CG 07 LW 6256 नंबर की चोरी गई एक्टिवा, जिसकी कीमत लगभग 25 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर बिना निगरानी खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर उनकी चोरी करता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को हमेशा सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, लॉक और अतिरिक्त सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वाहन चोरी की सूचना तुरंत पुलिस या डायल-112 पर दें।




