प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से बदली जिंदगी, जांजगीर के होमेश्वर प्रसाद का बिजली बिल हुआ शून्य

जांजगीर-चांपा, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जिले के नागरिकों के लिए आर्थिक राहत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन रही है। योजना के तहत लोग अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग कर रहे हैं, जिससे बिजली बिल में भारी कमी आने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय की भी संभावना बन रही है।
जिला मुख्यालय जांजगीर निवासी श्री होमेश्वर प्रसाद जायसवाल इस योजना के सफल लाभार्थियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। इस स्थापना के लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई।

श्री जायसवाल ने बताया कि सोलर सिस्टम लगने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 3 से 4 हजार रुपये तक आता था, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता था। योजना का लाभ मिलने के बाद अब उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है, जिससे हर महीने हजारों रुपये की बचत हो रही है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आकर्षक सब्सिडी के साथ कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
योजना से लाभान्वित श्री होमेश्वर प्रसाद जायसवाल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले के नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को अपनाने की अपील की।
यह योजना न केवल आम नागरिकों की आर्थिक बचत सुनिश्चित कर रही है, बल्कि हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूत आधार प्रदान कर रही है।




